धारूहेड़ा। कस्बे में पेयजल का कनेक्शन लेने के बाद भी लोग बिल नहीं भर रहे हैं। यहां पेयजल के 4534 कनेक्शन हैं। इनमें मई तक 2201 बकायेदार उपभोक्ता डिफाल्टर घोषित किए जा चुके हैं। पानी के बिल का 2.52 करोड़ रुपये बकाया है। जन स्वास्थ्य विभाग अब डिफाल्टर उपभोक्ताओं को नोटिस भेज रहा है। इसके बाद भी पानी का बिल जमा नहीं करने वालों के कनेक्शन काटे जाएंगे।
पानी का कनेक्शन लेने वाले बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने पानी का बकाया बिल अदा नहीं किया है। विभाग हर छह माह बाद उपभोक्ताओं को 720 रुपये पानी का बिल भेजता है। कई उपभोक्ता ऐसे भी हैं जिन्होंने कनेक्शन लेने के बाद एक बार भी बिल नहीं जमा किया है। वहीं कई लोगों ने दो कनेक्शन ले रखे हैं। वर्ष 2008 में नगरपालिका की स्थापना के बाद से मकानों के नक्शे पास करवाने पर सीवर और पानी का कनेक्शन लेने वालों की संख्या बढ़ गई है। अवैध काॅलोनियों में 60 प्रतिशत लोग पानी और सीवर कनेक्शन नहीं ले रहे हैं। अवैध कनेक्शन प्रत्येक वर्ष बढ़ते ही जा रहे हैं। वहीं, बास रोड पर करीब 20 से अधिक काॅलोनियां बसी हैं। हर घर में पानी और सीवर का कनेक्शन भी है। चेतावनी के बाद कस्बे में 4534 लोगों ने ही पानी के कनेक्शनों को वैध कराया है जबकि इससे दोगुने अवैध कनेक्शन हैं।
हरिनगर में बना है सबसे बड़ा वाटर स्टोरेज टैंक
कस्बे के हरिनगर में वाटर टैंक बनाया गया है। यहां पर नहर से आने वाले पानी को ट्रीट करके धारूहेड़ा में जलआपूर्ति की जा रही है। जिले में आबादी के चलते धारूहेड़ा क्षेत्र में सबसे बड़ा पानी का स्टोरेज है। नहर का पानी पूरे माह भी नहीं आए तो भी आसानी से कस्बे में जलापूर्ति संभव है। वाटर टैंक के साथ ही चार ट्यूबवेल भी है जिनसे काॅलोनियों में पानी की आपूर्ति की जा रही है। दो वर्ष में महज एक हजार ही नए कनेक्शन हुए हैं जबकि बिल नहीं भरने वालों की संख्या करीब दो हजार से अधिक हो चुकी है। बार-बार नोटिस और चेतावनी देने के बाद डिफाल्टर उपभोक्ता बिल का भुगतान नहीं कर रहे हैं।
भठेड़ा में काटा गया अवैध कनेक्शन
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने गांवों में अवैध पेयजल कनेक्शन के खिलाफ अभियान चलाया है। भठेड़ा में विभाग की तरफ से उपमंडल अभियंता, कनिष्ठ अभियंता व जल एवं स्वच्छता सहायक संगठन के संयुक्त तत्वावधान में पानी की बर्बादी रोकने व अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने के लिए अवैध कनेक्शन काटने का अभियान चलाया गया है। उपमंडल अभियंता विनोद बागड़ी व कनिष्ठ अभियंता प्रवीण कुमार के नेतृत्व में कर्मचारियों की तीन टीमें बनाकर अवैध कनेक्शन चिह्नित कर उनको मौके पर ही काटा गया। विभाग की सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों से हर्जाना वसूल कर मुकदमा भी किया जाएगा।
वर्ष कनेक्शन डिफाल्टर बिल बकाया
2021 2241 753 1.38 करोड़
2022 3142 1560 1.97 करोड़
2023 4384 2152 2.40 करोड़
2024 4534 2201 2.52 करोड़
-
पानी का नियमित बिल ना भरने वाले 50 प्रतिशत से अधिक उपभोक्ता हैं। बकायेदारों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। अपील है कि समय पर अपना बिल भरें। -मुकेश शर्मा, एसडीओ, जनस्वास्थ्य विभाग धारूहेड़ा।