खुदाई के दौरान निकली पुरानी हांडिया, खजाने की फैली अफवाह
रेवाड़ी। सरकुलर रोड स्थित राजकीय कन्या विद्यालय के समीप एक प्लॉट की खुदाई दौरान पुरानी हांडियां निकली हैं, जिन्हें देखने के लिए लोगों का तांता लग गया। हालांकि इनमें कुछ मिला नहीं है। लेकिन शहर में यह चर्चा का विषय बना हुआ है। उल्लेखनीय है कि करीब दो माह पहले भी शहर के एक मोहल्ले में खुदाई के दौरान चांदी के सैकड़ों सिक्के निकले थे, जिसके बाद पुरातत्व विभाग की टीम भी पहुंची थी। राजकीय कन्या स्कूल के पीछे एक प्लॉट में नींव खोदाई का काम चल रहा है। वीरवार को प्लॉट में खुदाई के दौरान मिट्टी की हांडियां दिखाई दी। पुराने समय की इन मिट्टी की हांडियों को देखने के लिए लोगों की भीड़ जाम होने लगी। शहर में एक बार फिर से खजाना निकलने की अफवाह फैल गई। करीब दो माह पूर्व शहर के एक प्लॉट की खुदाई के दौरान भी उसमें चांदी के सैकड़ों सिक्के मिले थे। जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया था। उस समय पुरातत्व विभाग की टीम भी मौके पर आ गई थी।