बावल (रेवाड़ी) । कसौला थाना पुलिस ने दिल्ली-जयपुर हाईवे पर भैंसों से भरा एक ट्रक पकड़ा है। इस दौरान 40 भैंसों को मुक्त कराया गया है। साथ ही चालक व हेल्पर को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
कसौला थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि मंगलवार की रात राजस्थान नंबर के एक ट्रक में भैंस भरकर दिल्ली की तरफ जाने वाली है। सूचना पर पुलिस ने दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित साल्हावास कट पर नाकाबंदी की। कुछ देर बाद ही पुलिस को ट्रक नजर आया। पुलिस टीम ने टार्च का इशारा कर ट्रक को रुकवा लिया। पुलिस ने ट्रक की जांच की तो उसमें कई भैंसें मिली। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर उसका नाम पूछा तो वह जयपुर के गणेश विहार निवासी राहुल उर्फ गुड्डू तथा हेल्पर की पहचान मथुरा निवासी इकबाल के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि भैंसें व ट्रक झुंझनू जिला के खेतड़ी निवासी मुनीर अहमद की है। उसने ही इन्हें खरीदकर ट्रक में भरकर यूपी के जिला गाजियाबाद स्थित डासना के लिए भेजा था।