जिला शिक्षा अधिकारी ने किया स्कूलों का निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों का शैक्षणिक स्तर जांचने के लिए डीईओ धर्मबीर बाल्डोदिया ने सोमवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बुडौली, बेरली खुर्द, बोडिया कमालपुर व राजकीय प्राथमिक विद्यालय बुडौली स्कूलों का दौरा किया। दौरे के दौरान अधिकारियों के क्लास रूम में जाकर बच्चों का शैक्षणिक लेवल जानने के अलावा मासिक टेस्ट की चेकिंग प्रक्रिया का जायजा भी लिया। प्राचार्य राजकुमार जलवा की ओर से विद्यालय में नकल मुक्त परीक्षाओं का आयोजन करने पर सराहना की। राजकीय प्राथमिक बुडौली में एलईपी मैट परीक्षा का अवलोकन किया और विद्यालय के सौंदर्य व विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर जांचने पर शिक्षकों के कार्य की प्रशंसा की। इसी क्रम में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बेरली खुर्द व राजकीय प्राथमिक स्कूल बेरली खुर्द में विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर का अवलोकन किया तथा मिड-डे मिल की जांच की। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बोडिया कमालपुर मैस, लैब, वर्चुल क्लास रूम की जांच की। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान अब जिले में अधिकतर स्कूलों में काम बेहतर मिला है और जहां कहीं छोटी-मोटी कमियां मिली है। संबंधित स्कूल मुखियाओं को उन्हें दूर करने के निर्देश दिये गये हैं। उन्होंने कहा कि आगे भी नियमित रूप से स्कूलों के निरीक्षण की प्रक्रिया जारी रहेगी ताकि शिक्षकों को बेहतर करने के लिए प्रेरित किया जा सके।