धारूहेड़ा। औद्योगिक क्षेत्र में लगे केनरा बैंक के एटीएम से छेड़छाड़ कर एक शातिर व्यक्ति ने तीन हजार रुपये निकाल लिए। बैंक की तरफ से की गई जांच में मामला सामने आया है। सेक्टर-6 थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।
धारूहेड़ा के सोहना रोड पर केनरा बैंक की ब्रांच के अंदर ही एटीएम लगी हुई है। बैंक मैनेजर विक्रम यादव ने बताया कि कोई व्यक्ति एटीएम से छेड़छाड़ कर 3 हजार रुपये निकाल लिए। जबकि उसके अकाउंट से कोई नकदी नहीं कटी। एटीएम में डाली जाने वाली नकदी बैंक की तरफ से मैच की गई तो 3 हजार रुपये की गड़बड़ी मिली। बैंक ने इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों को दी। इसके बाद एक टीम मशीन की जांच करने आई तो पता चला कि किसी चीज से छेड़छाड़ की गई है। छेड़छाड़ की वजह से नकदी तो निकल गई, लेकिन निकालने वाले व्यक्ति के खाते से डेबिट नहीं हुई। इसके बाद ब्रांच में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की गई तो एक अनजान व्यक्ति मशीन से छेड़छाड़ करते हुए पाया गया। बैंक ने इसकी सूचना सेक्टर-6 थाना पुलिस को दी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है।
वर्जन:
शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, जिसमें एक युवक मशीन से छेड़छाड़ करते हुए नजर आ रहा है। उसकी तलाश की जा रही है। -रजनीश, थाना प्रभारी, सेक्टर छह, धारूहेड़ा।