धारूहेड़ा। धारूहेड़ा पुलिस ने दो गाड़ियों से देसी, अंग्रेजी शराब और बीयर के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहल्ला खलियावास धारूहेड़ा निवासी सचिन यादव, गुरुग्राम के गांव नैनवाल निवासी सौरभ व मनजीत के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 21 सितंबर की रात सूचना मिली कि सचिन यादव, सौरभ व मनजीत शराब ठेके से दो गाड़ियों में शराब भरकर मानेसर की तरफ जाएंगे। इसके बाद जयपुर-दिल्ली हाईवे पर साहबी पुल पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की गई। इसी दौरान पुलिस ने एक बोलेरो व एक कार को जांच के लिए रोका। बोलेरो चालक ने अपना नाम सौरभ और उसके साथ बैठे व्यक्ति ने अपना नाम सचिन यादव बताया। कार चालक ने अपना नाम मनजीत निवासी गांव नैनवाल जिला गुरुग्राम बतलाया। पुलिस ने दोनों गाड़ियों की तलाशी ली और 100 पेटी देसी शराब, 3 पेटी अंग्रेजी शराब व 2 पेटी बीयर बरामद की। तीनों आरोपी शराब का परमिट व लाइसेंस नहीं दिखा सके। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना धारूहेड़ा में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को एक दिन के रिमांड पर लिया है।