रेवाड़ी। विधानसभा चुनाव में जिले की तीनों सीटों पर 1863 लोगों ने नोटा का बटन दबाया। रेवाड़ी विधानसभा क्षेत्र में 665, कोसली विधानसभा क्षेत्र में 715 और बावल विधानसभा क्षेत्र में 483 लोगों ने नोटा को वोट दिया। तीनों सीटों पर 39 प्रत्याशी मैदान में थे। इनमें से 27 उम्मीदवारों को नोटा से भी कम वोट मिले हैं।
भाजपा और कांग्रेस को छोड़कर कोई भी प्रत्याशी अपनी जमानत तक नहीं बचा पाया, जबकि 21 प्रत्याशी विभिन्न दलों से तथा 18 निर्दलीय चुनाव लड़ रहे थे। इस तरह 39 में से सिर्फ 6 ही जमानत बचाने लायक मत प्राप्त कर सके। बावल विधानसभा क्षेत्र में 10 प्रत्याशी मैदान में थे। इनमें 5 दलों से और 5 निर्दलीय रहे। 8 की जमानत जब्त हो गई। बावल में 483 मतदाताओं ने नोटा का बटन दबाया। इस तरह 6 प्रत्याशियों को नोटा से भी कम मत मिले। इनमें लोकतंत्र सुरक्षा डॉ. लेखराम मेहरा, निर्दलीय सुनील कुमार, निर्दलीय राज नारायण, निर्दलीय मंगत राम, निर्दलीय बलजीत, निर्दलीय इंदर सिंह शामिल रहे।
कोसली विधानसभा में 17 प्रत्याशी मैदान में थे। इनमें 9 विभिन्न दलों से तथा 8 निर्दलीय शामिल रहे। 15 की जमानत जब्त हो गई। इस सीट पर 715 मतदाताओं ने नोटा को चुना। 14 प्रत्याशियों को नोटा से कम वोट मिले। इनमें जजपा से लविंद्र सिंह, बहुजन समाज पार्टी से राजकुमार, रिपब्लिक पार्टी ऑफ इंडिया से सत्यवीर सिंह अंबेडकर, एसयूसीआई कम्युनिस्ट से कामरेड रामकुमार, भारतीय जनराज पार्टी, भागीरथ डाबला, राइट टू रिकॉल पार्टी से नवल सिंह, बुलंद भारत पार्टी से तेजपाल यादव, हरिओम यादव कोलिया निर्दलीय, संतोष निर्दलीय, मुकेश कुमार निर्दलीय, कर्मजीत निर्दलीय, आरती राव निर्दलीय, इंद्रजीत निर्दलीय व अनिल कुमार शामिल रहे।
रेवाड़ी विधानसभा क्षेत्र से 12 प्रत्याशी चुनाव में थे, जिनमें 7 दलों से व 5 निर्दलीय रहे। 10 जमानत जब्त हो गई। यहां 654 लोगों ने नोटा का बटन दबाया। 7 प्रत्याशियों को नोटा से कम मत मिले। इनमें निर्दलीय संजय शर्मा, आजाद समाज पार्टी मोकी देवी, राष्ट्रीय लोक स्वराज पार्टी रणबीर सिंह, पीपल पार्टी ऑफ इंडिया करतार सिंह ठेकेदार, निर्दलीय शिशुपाल, निर्दलीय जितेंद्र कुमार व निर्दलीय ओमदत्त यादव शामिल रहे।