रेवाड़ी। शहर में ठग ने बाइक बेचने का लालच देकर एक युवक से 25 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित ने ऑनलाइन नंबर सर्च कर कथित डीलर से अपाचे बाइक का सौदा किया था। साइबर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
शहर की खड्डा बस्ती निवासी सुनील कुमार ने बताया कि 11 सितंबर को उसने बाइक खरीदने के लिए गूगल पर ऑनलाइन डीलर का नंबर सर्च किया था। इसके बाद उसने अपने मोबाइल नंबर से सर्च किए नंबर पर फोन किया। इस पर कॉल रिसीव करने वाले ने अपाचे बाइक बेचने की बात कही। दोनों के बीच 25 हजार रुपये में बाइक का सौदा हो गया। बाइक बेचने वाले व्यक्ति ने बाइक ट्रांसफर के लिए कागजात तैयार कराने के नाम पर सुनील 1 हजार रुपये ऑनलाइन मंगवाए लिए। फिर इसके कुछ देर बाद ही सुनील के व्हॉट्सएप पर एक शपथ पत्र भेज दिया। इसके बाद कॉल कर बताया कि उसकी बाइक भेजी जा रही है। कुछ समय बाद ही ठग ने फिर से कॉल की और सुनील को बताया कि उसकी बाइक टोल पर खड़ी कर दी गई है। रुपये भुगतान करने के बाद ही बाइक रेवाड़ी पहुंच पाएगी। सुनील उसकी बातों में आ गया और उसने 25 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। घंटों इंतजार के बाद भी बाइक उसके पास नहीं पहुंची तो सुनील ने उसी नंबर पर कॉल की। इसके बाद ठग ने और पैसों की डिमांड की। साथ ही उसके व्हॉट्सएप पर बाइक की फोटो, आधार कार्ड व आरसी की फोटो भी भेज दी, लेकिन सुनील को उस पर शक हो गया और उसने तुरंत इसकी शिकायत साइबर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने सुनील की शिकायत पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------
वर्जन:
शिकायत मिलने के बाद धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम को रवाना कर दिया है।
- राहुल, प्रभारी, साइबर थाना, रेवाड़ी