गर्मी के मौसम में पीने के पानी का शेड्यूल करें तैयार : उपायुक्त
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
गर्मी के मौसम में पीने के पानी की सप्लाई को लेकर जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कर्मचारियों की बैठक वीरवार को जिला सचिवालय सभागार में उपायुक्त पंकज की अध्यक्षता में हुई। डीसी निर्देश देकर कहा कि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में पीने के पानी की सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए रोस्टर तैयार करें ताकि गर्मी के मौसम में लोगों के लिए पानी की समस्या नहीं रहे। उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम में पीने के पानी का शेड्यूल तैयार करें और एक सप्ताह में रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष गर्मी के मौसम में किन-किन गांवों में पीने के पानी की परेशानी हुई उसको ध्यान में रखकर पुख्ता इंतजाम किए जाएं ताकि इस वर्ष लोगों को कोई दिक्कत न हो, जहां पर पीने के पानी की समस्या हो उस क्षेत्र में टैंकरों द्वारा पीने के पानी की सप्लाई सुनिश्चित करें। सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि नहरी पानी के शेड्यूल को मध्य नजर रखकर पेयजल की सप्लाई पर पुरा ध्यान रखें। इस मौके पर जनस्वास्थ अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता रेवाड़ी के प्रेम सिंह, कोसली के फूल सिंह, बावल के रविंद्र गोठवाल, सिंचाई विभाग के राकेश सैनी और विजय भगोतिया भी उपस्थित रहे।