महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर तुरंत कार्रवाई करें: एसपी
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
एसपी संगीता कालिया ने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उनका कहना है कि सभी थाना प्रभारी अपने थाने में आने वाले सभी शिकायतकर्ताओं के साथ अच्छा व्यवहार करें और उनकी शिकायतों पर तुरंत प्रभाव से जांच कर उचित कार्रवाई करें। लघु सचिवालय के सभागार में उन्होंने गांवों में महिलाओं को महिला हेल्प लाइन 1091 की जानकारी देने और महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने महिला थाना प्रभारी को भी आदेश दिए कि सभी कोचिंग सेंटरों, अस्पताल और ऐसे उद्योग जहां महिलाएं कार्य करती हों वहां पर जाकर उनकी समस्याओं के बारे जानकारी लें और उनको महिलाओं के अधिकारों के बारे में जागरूक कर महिला हेल्प लाइन 1091 के बारे में जानकारी दे। बैठक में मौजूद थाना और चौकी प्रभारियों को फरार चल रहे पीओ/बेलजंपर को तुरंत गिरफ्तार करने के बारे में हिदायत दी। एसपी ने कहा कि एफएसएल की रिपोर्ट की वजह से जो मामले लंबित हैं। उन मामलों की रिपोर्ट मंगाकर फाइलों को तुरंत निपटाएं। उन्होंने कहा कि सड़क हादसों में कमी लाने के लिए लोगों को यातायात के नियमों के बारे में जागरूक किया जाए और यातायात नियमों को तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि ज्यादा दुर्घटना होने स्थानों को चिह्नित कर उसे दूर किया जाए ताकि हादसों पर अंकुश लगा सके। एसपी ने कहा कि गणतंत्र दिवस को लेकर बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, मॉल, होटल, सराय, धर्मशाला सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर जांच अभियान चलाया जाए। इसके अलावा राजस्थान में होने वाले चुनावों को देखकर बार्डर पर नाके लगाए जाएंगे। शराब तस्करी करने वालों पर निगरानी कर शिकंजा कसा जाएगा। गांवों में लोगों को ठीकरी पहरा देने के बारे में जागरूक कर ठीकरी पहरा लगवाया जाए ताकि चोरी, पशु चोरी सहित अन्य अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने एसपी ने कहा कि ड्यूटी में लापरवाही की भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।