मंत्री की बैठक से अनुपस्थित रहने पर सिंचाई विभाग के एसई और एक्सईएन को नोटिस
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
जनस्वास्थ्य राज्यमंत्री मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने वीरवार को सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि गांवों के जोहड़ों और तालाबों को भी नहरी पानी से भरना सुनिश्चित किया जाए ताकि पशुपालकों को परेशानी का सामना करना नहीं पड़े। इस मौके पर जनस्वास्थ्य राज्यमंत्री डॉ. बनवारीलाल ने बैठक में उपस्थित नहीं होने पर सिंचाई विभाग के अधीक्षक और कार्यकारी अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। वीरवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित बैठक में उन्होंने एडीसी को निर्देश दिए कि सिंचाई विभाग के दोनों अधिकारियों की अनुपस्थिति की क्या वजह है। किससे स्वीकृति लेकर बाहर गए हैं। मंत्री ने सरसों की खरीद के बारे में बैठक में ही कृषि मंत्री ओपी धनखड़ से बात की। उन्होंने कहा कि जिन गांवों का सरसों खरीद का नंबर नहीं आया है उन गांवों की सरसों हर हाल में खरीदी जाएगी। उन्होंने हैफेड और मार्केट कमेटी के सचिव को निर्देश दिए कि वे सरसों के उठान कार्य में तेजी लाएं ताकि किसानों को कोई परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि रेवाड़ी की मंडी में सरसों की खरीद में तेजी लाई जाए तथा किसानों की उपज का दाना-दाना खरीदें। मंत्री ने कहा कि जिन गांवों के किसानों की सरसों खरीद का नंबर नहीं आया है उन्हें चिंता करने की कोई आवश्यकता नहीं है।