मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का धरना नौवें दिन भी जारी
रेवाड़ी। मांगों को लेकर जिला सचिवालय के समीप आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का धरना मंगलवार को नौवें दिन भी जारी है। धरनारत कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। धरने को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष राजबाला चौहान ने कहा कि प्रदेश की गूंगी बहरी सरकार पिछले सात दिन से धरने पर बैठी आंगनबाड़ी कार्यकताओं की समस्याओं से अनभिज्ञ बनी हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार ने जल्द आंगनबाड़ी कार्यकताओं की मागों पर विचार नहीं किया तो गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। उन्होंने कहा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सुबह पौने नौ बजे से दोपहर पौने तीन बजे तक ड्यूटी कराई जाती है, जिसकी एवज में उन्हें मात्र तीन हजार व पंद्रह सौ रुपये का मासिक भत्ता दिया जाता है। इसके अलावा प्रत्येक माह में चार दिन से ज्यादा अवकाश होने पर भत्ता काट लिया जाता है। इस अवसर पर बीना नाहड़, किरण शर्मा, संतोष व अनेक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद थी।