मंथली एसेस्मेंट को पारदर्शी बनाने पर दिया जोर
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
स्थानीय राजकीय वरिष्ठ मॉडल विद्यालय रेवाड़ी में मौलिक मुख्याध्यापकों की ‘नकल मुक्त संदेश’ के तहत बैठक आयोजित की गई। बैठक में 107 मौलिक मुख्याध्यापकों ने भाग लिया। कार्यक्रम अध्यक्ष जिला शिक्षा अधिकारी धर्मबीर बल्डोदिया और विशिष्ट अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी सुभाष चंद व खंड मौलिक शिक्षा अधिकारी भीमसेन गौड़ ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम शुरू किया। बल्डोदिया ने मंथली एसेस्मेंट को पारदर्शी बनाने पर बल देते हुए कहा कि नकल मुक्त जिला बनाकर ही हम सक्षम हरियाणा बना सकते हैं। इसी क्रम में उन्होंने कहा कि एसेसमेंट परीक्षा से पूर्व दो घंटे एलईपी आधारित कक्षाएं लगाई जाएं। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी, रेवाड़ी सुभाष चंद्र ने सभी आगंतुकों का कार्यक्रम में सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में मंच संचालक की भूमिका जिला विज्ञान विशेषज्ञ चन्द्रप्रकाश ने निभाई। इस अवसर पर जिला गणित विशेषज्ञ अशोक कुमार नामवाल, डीओसी प्रदीप यादव, यशदेव, कृष्ण, सदाराम व अन्य उपस्थित थे।