रेवाड़ी। शहर के बावल रोड के पास स्थित एक गैस एजेंसी के बाहर लोगों ने हंगामा किया। दरअसल लोग गैस एजेंसी से सिलिंडर लेने के लिए आए थे। इस दौरान जब एक उपभोक्ता ने सिलिंडर को उठाया तो उसको शक हुआ कि इसमें गैस कम है। जब उसने सिलिंडर को तौलवाया तो मालूम चला कि गैस कम है।
जैसे ही यह बात अन्य उपभोक्ताओं को पता लगी, लोगों ने मौके पर 7 से 8 गैस सिलिंडर तौलवाए। किसी में डेढ़ किलो, किसी में 2 किलो तो किसी में ढाई किलो गैस कम निकला। यह देख आक्रोशित उपभोक्ताओं ने मौके पर गैस एजेंसी पर आरोप लगाते हुए कहा कि लोगों की जेब काटी जा रही है। देखते ही देखते वहां पर भीड़ जमा हो गई। तभी एक उपभोक्ता ने डायल 112 पर फोन कर दिया। मौके पर पुलिस तो पहुंची मगर कार्रवाई करने के बजाय उल्टा लोगों को ही समझाने लगी। जबकि मौके पर मौजूद लोग बार-बार यही कहते रहे की पुलिस की मौजूदगी में सिलेंडर तुलवाया जाए। मगर ऐसा नहीं हुआ, लोगों ने पुलिस प्रशासन पर भी उनकी बात ना मानने का आरोप लगाया।
राजवीर, पुनीत, सतीश ने बताया कि गैस एजेंसी की ओर से बिल भी काट कर नहीं दिया जा रहा है। जब बिल मांगा गया तो कहा कि अब सब कुछ ऑनलाइन है। ऑनलाइन ही अपने आप डाटा चढ़ जाएगा। लोगों का कहना है कि एजेंसी की तरफ से आश्वासन दिया गया कि अपने आप ही सब्सिडी आ जाएगी।
-
गैस एजेंसी से सिलिंडर लेने के लिए आया था। मौके पर सिलिंडर को तौलवाया भी गया था। पता चला कि किसी 2 किलो तो किसी में ढाई किलो गैस कम है। पुलिस भी आई। मगर कोई कार्रवाई नहीं की गई। टैंपो में करीब 40 से 50 गैस सिलेंडर थे।-इंद्रजीत
किसी सिलिंडर में डेढ़ किलो तो किसी में 2 किलो गैस कम थी। कुछ भी नहीं कहा जा सकता है 20 से 25 सिलिंडर तौलवा गए। सभी में गैस कम होने की जानकारी मिली है। एजेंसी बिल भी नहीं दे रही है। पैसे भी काउंटर से नहीं लिया जा रहा है, बाहर से पैसे ले रहे हैं।-हरीश कुमार
सिलिंडर लेने के लिए आया था। तभी मालूम चला कि हर सिलिंडर में डेढ़ से 2 किलो गैस कम है। सिलिंडर तुलवाया गया तो मालूम चला कि यह बात ठीक है। पुलिस को भी फोन किया गया। फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। उल्टा पुलिस मुझे ही समझाने लगी। -राजपाल
वर्जन
इस मामले को लेकर किसी प्रकार की कोई शिकायत नहीं आई है। यह क्षेत्र मॉडल टाउन थाना का है।- अजय कुमार, एएसआई, सेक्टर-3 पुलिस चौकी
0
इंसेट
1 किलो गैस की कीमत 100 रुपये
मौजूदा समय में 1 किलो गैस की कीमत करीब 100 रुपये है। अगर एक सिलिंडर में डेढ़ से 2 किलो गैस कम होती है तो लोगों को करीब 200 रुपये से 200 रुपये का नुकसान हो रहा है। लोगों का कहना था कि मौजूदा समय में महंगाई से वैसे ही हालत खराब है, जैसे तैसे घर का गुजारा होता है। ऐसी एजेंसी के खिलाफ प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।