अधिवक्ताओं की हड़ताल जारी, कामकाज रहा चौथे दिन भी ठप
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
भिवाड़ी के फूल बाग पुलिस कर्मचारियों द्वारा रेवाड़ी के वकीलों से बदसलूकी करने के विरोध में शुक्रवार को भी कोर्ट मेें कामकाज ठप रखा। हड़ताल के पांचवें दिन अधिवक्ताओं ने मुख्य प्रवेश द्वार पर बैठकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई और दोषी पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रधान रविंद्र यादव ने बताया कि अधिवक्ताओं का प्रतिनिधिमंडल तिजारा के एसडीएस से धरने के लिए अनुमति प्राप्त करने गया था। इस पर अभी उनको अनुमति मिली नहीं है। उन्होंने बताया कि इस मामले में राजस्थान बार एसोसिएशन के भी पदाधिकारियों ने सहयोग दिया है। सोमवार से अपने प्रदर्शन को राज्य स्तर पर चलाने के लिए विभिन्न जिला बार एसोसिएशन से संपर्क किया जा रहा है। इस दौरान कांग्रेस युवा नेता चिरंजीव राव, प्रदीप जेलदार, अजीत, जवाहरलाल सचदेवा ने धरना स्थल पर पहुंचकर वकीलों के धरने को अपना समर्थन दिया। उन्होंने सरकार से राजस्थान पुलिस के कर्मचारियों के खिलाफ कार्यवाही करने की मांग की। अधिवक्ताओं ने निर्णय लिया कि शनिवार को अधिवक्ता भिवाड़ी कोर्ट में जाकर वकीलों के साथ संपर्क करेंगे और जिला अलवर के अलावा 13 बार एसोसिएशन शनिवार को भिवाड़ी में होने वाली बैठक में हिस्सा लेगी। इस मौके पर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष राजीव यादव, सचिव प्रबोध यादव, सह सचिव मोनिका, कोषाध्यक्ष विशाल यादव, वरिष्ठ अधिवक्ता कामरेड राजेंद्र सिंह, पीके वत्स, त्रिलोक तोगड़, मनोज, अजय कालाका, राजेंद्र, पूर्व प्रधान जसवीर सिंह यादव, हितेश्वर यादव, निगेश शर्मा, विश्वामित्र, प्रवीण शर्मा, सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे। उधर बावल एवं कोसली में भी बार एसोसिएशन ने वर्क सस्पेंड रखकर विरोध जताया।