‘लिंगानुपात में सुधार के लिए रेड प्लान तैयार करें अधिकारी’
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
लैंगिक अपराध अधिनियम बाल संरक्षण (पॉस्को) और पीएनडीटी की बैठक वीरवार को उपायुक्त पंकज कुमार की अध्यक्षता में हुई। इसमें अब तक विभाग द्वारा की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने बताया कि जिले में लिंगानुपात सुधार के लिए अधिकारियों की गठित टीम मिलकर रेड प्लान तैयार करें ताकि घिनौना कार्य करने वाले अपराधी बच न सकें और जिले में लिंगानुपात में सुधार लाया जा सके। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि पीएनडीटी के मामलों में चल रहे केसों की पैरवी अच्छे ढंग से करें ताकि अपराधी बच न सकें। जो केस जिला सत्र न्यायालय से बरी हो गए हैं उनकी उच्च न्यायालय में नियमानुसार अपील करें ताकि अपराधी किसी भी सूरत में बच न पाए। उन्होंने बताया कि जो केस उच्च न्यायालय में डाले जाने हैं उसे समय रहते हाईकोर्ट में डाले जाएं। जो केस कोर्ट में हैं उनकी समीक्षा करते रहें। पीएनडीटी के कोर्ट केसों का ठीक प्रकार से फालोअप किया जाए और पूरा विवरण स्पष्ट किया जाए। पॉस्को के केसों के बारे में उन्होंने पीओआईसीडीएस और बाल संरक्षण अधिकारी को निर्देश दिये कि सभी केसों की पैरवी ढंग से करें और सभी केसों को ध्यान में रखें। बैठक में बताया कि वर्ष 2018 में जिला में लिंगानुपात जनवरी माह में 967 व फरवरी माह में 935 लिंगानुपात रहा। वर्ष 2017 में जिला में लिंगानुपात जनवरी में 814, फरवरी में 819, मार्च में 917, अप्रैल 896, मई में 885, जून में 838, जुलाई में 857, अगस्त में 980, सितंबर में 920, अक्टूबर में 933, नवंबर में 909 व दिसंबर में 900 रहा व औसतन 889 रहा। इस मौके पर एडीसी प्रदीप दहिया, नगराधीश डॉ. विरेंद्र, मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी मृदुल धर, डीएसपी गजेंद्र कुमार, सीएमओ कृष्ण कुमार, डॉ. अशोक कुमार, जिला न्यायवादी सुमेर सिंह, डीसीओ अमनदीप चौहान, पीओआईसीडीएस लता शर्मा, बाल संरक्षण अधिकारी आदि सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।