अमर उजाला ब्यूरो
बावल। बावल ओद्यौगिक क्षेत्र के सेक्टर 3 में स्थित आरको टेक कंपनी से श्रमिकों को बाहर निकाले जाने के विरोध में सोमवार को श्रमिकों को कंपनी के गेट पर हंगामा कर दिया तथा कंपनी के समीप ही धरना शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस बल भी मौजूद रहा। कंपनी कर्मियों ने बताया कि वे रोजाना की तरह सोमवार को भी कंपनी में आए थे, लेकिन गेट पर 41 कर्मचारियों को कंपनी से बाहर निकाले जाने का नोटिस लगाया हुआ था। गेट पर मौजूद सुरक्षा गार्डों ने उन्हें अंदर नहीं घुसने दिया। इससे कर्मियों में रोष बढ़ गया। निकाले गए कर्मियों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ गेट पर ही नारेबाजी शुरू कर दी तथा हंगामा कर दिया। हंगामे की सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इस दौरान श्रम विभाग के अधिकारी भी वहां पहुंच गए। अधिकारियों ने प्रबंधन व श्रमिकों के बीच सुलह कराने का प्रयास किया, लेकिन समझौते के प्रयास सिरे नहीं चढ़ पाए। निकाले गए कर्मियों ने दिनभर कंपनी के गेट के समीप ही अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। कर्मचारियों ने कहा कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होगा आंदोलन जारी रहेगा। इस अवसर रविंद्र कुमार, मनीराम, रामजस, राजू चौधरी, बनारसी यादव, विनोद कुमार, अरुण कुमार, साहबूदीन, मुंसीराम, जयप्रकाश, कमलेश, राजेश, जयबीर व अमर सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।