रोड शो के जरिये 21 को सीएम टटोलेंगे रेवाड़ी के लोगों की नब्ज
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। प्रदेश में कराए विकास कार्यों की जानकारी देने और लोगों की नब्ज टटोलने के लिए 21 जुलाई को सीएम मनोहरलाल रेवाड़ी में रोड शो करेंगे। 21 जुलाई को दोपहर डेढ़ बजे शहर में पहुंचेंगे। नागरिक अस्पताल में नवनिर्मित एक्सटेंशन ब्लॉक का उद्घाटन करने के अतिरिक्त तीन अन्य विकास कार्यों का भी उद्घाटन और आधारशिला रखेंगे। इधर सीएम के दौरे के मद्देनजर मंगलवार को उपायुक्त अशोक कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक राजेश दुग्गल ने शहर का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने राज्य भर में रोड शो करने का प्रोग्राम बनाया हुआ है। सीएम अभी तक कई जिलों में रोड शो कर चुके हैं। शो के माध्यम से सीएम आमजन की नब्ज टटोल रहे हैं। यह फीड बैक लेने का भी प्रयास कर रहे हैं कि भाजपा सरकार के बारे में लोगों की क्या सोच है। इसी अभियान के तहत सीएम 21 जुलाई को शहर में भी रोड शो करेंगे। इसके अलावा इस दौरा सीएम, लंबे समय से रेवाड़ी की मांग रहे सरकारी अस्पताल के एक्सटेंशन ब्लॉक का उद्घाटन करने के अतिरिक्त आधा दर्जन से अधिक परियोजनाओं का भी उद्घाटन तथा शिलान्यास करेंगे। इधर सीएम के दौरे के मद्देनजर उपायुक्त अशोक कुमार शर्मा व पुलिस अधीक्षक राजेश दुग्गल ने शहर का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने सीएम के रोड शो के रूट का भी निरीक्षण किया। उपायुक्त शर्मा ने सीएम के दौरे को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उपायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री का रोड शो लघु सचिवालय के निकट स्थित शहीद स्मारक से शुरू होकर महाराणा प्रताप चौक, ब्रास मार्केट, अग्रसेन चौक, भाड़ावास गेट, मोती चौक, गोकल गेट तथा विश्वकर्मा चौक से होकर अंबेडकर चौक तक रहेगा। रोड शो के दौरान किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं हो, इसके लिए उपायुक्त ने नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी मनोज यादव को शहर में स्ट्रीट लाइट व सफाई व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध करने तथा पीडब्ल्यूडी के कार्यकारी अभियंता को साइन बोर्ड लगवाने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने सीएमओ को भी निर्देश दिए कि वे सोमवार तक लंबित पड़े कार्यों को पूरा करवाएं। शर्मा ने एसडीएम को निर्देश दिए कि वे कॉलेज व स्कूल के विद्यार्थियों व एनजीओ के सहयोग से शहर में पॉलिथीन उन्मूलन के लिए विशेष अभियान चलाएं तथा लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ उनका सहयोग भी लें, ताकि शहर को पॉलिथीन मुक्त बनाया जा सके। इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष योगेंद्र पालीवाल, एसडीएम रेवाड़ी जितेेंद्र कुमार, सिविल सर्जन डा. कृष्ण कुमार, कार्यकारी अभियंता लोकनिर्माण विभाग हेमंत कुमार सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।