मान्यता और फीस संबंधी सूचना विद्यालय के मुख्य द्वार पर चस्पा करवाएं : डीईओ
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
जिला शिक्षा अधिकारी धर्मबीर बल्डोदिया ने सभी निजी स्कूलों को मान्यता और फीस संबंधी सूचना विद्यालय के मुख्य द्वार पर चस्पा कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी खंड शिक्षा अधिकारी व खंड मौलिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि उनके अधीनस्थ चल रहे निजी विद्यालयों के प्राचार्यों व प्रबन्धकों को निर्देश जारी करें कि वे विद्यालय की 5वीं, 8वीं, 10वीं, 12वीं की जिस स्तर की मान्यता है। उस मान्यता की कॉपी विद्यालयों के मुख्य द्वार पर चस्पा करें। उन्होंने बताया कि विद्यालय की जिस स्तर की मान्यता है उस स्तर संबंधी सूचना ही विद्यालय के मुख्य द्वार व विद्यालयों के वाहनों और अन्य जगह पर मान्यता अनुसार ही नामांकित करें। विद्यालय द्वारा निर्धारित की गई फीस जो कि विद्यालय द्वारा फार्म-6 में दर्शाई गई हैं। उसका विवरण भी स्कूल के मुख्य द्वार पर चिपकाएं ताकि अभिभावकों को किसी प्रकार का भ्रम न रहे। जिला शिक्षा अधिकारी ने निर्देश दिये कि उपरोक्त आदेशों की दृढ़ता से पालना करें, यदि कोई स्कूल हिदायतों का पालन नहीं करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।