सराहनीय कार्य करने वाली पंचायतों को मिलेंगे पचास हजार रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। अनुसूचित जाति के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाली पंचायतों को प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत पचास हजार रुपये की राशि प्रदान की जाती है। उपायुक्त पंकज ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत अनुसूचित जाति की 40 प्रतिशत या उससे अधिक जनसंख्या वाले गांव का और अधिक विकास करने तथा अनुसूचित जाति के कल्याण के लिए सराहनीय कार्य करने वाली पंचायतों को प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत छुआछूत दूर करने, अनुसूचित जाति क्षेत्रों में गलियों व नालियों को पक्का करवाने, लड़कियों को स्कूल में प्रवेश कराने व पीने के पानी के लिए हैंडपंप और टंकी लगवाने जैसे कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों को पचास हजार रुपये प्रोत्साहन स्वरूप प्रदान किये जाते हैं।