रेवाड़ी। जिला पुलिस की ओर से अपराध पर अंकुश लगाने के लिए शनिवार की रात 10 बजे से रविवार की सुबह 4 बजे तक नाइट डोमिनेशन अभियान चलाया गया। इस दौरान 1746 वाहनों की जांच की गई और 21 के काटे चालान। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने नाइट डोमिनेशन के दौरान स्वयं जिले की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
अभियान के तहत पुलिस द्वारा रात को 10 बजे से सुबह चार बजे तक कुल 165 सार्वजनिक स्थानों को चेक किया गया है। 78 व्यक्तियों के पर्चा अजनबी भरे गए हैं। चेकिंग के दौरान 1746 वाहनों की जांच की गई, इनमें से 21 वाहनों के चालान काटे गए, 05 वाहनों को इंपाउंड किया गया तथा 05 मामलों में एफआईआर दर्ज की गई।
सीआईए रेवाड़ी ने नाइट चेकिंग के दौरान नीरज बवाना गैंग के एक आरोपी नांगल पठानी निवासी रोबिन को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से एक देसी पिस्टल तथा एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। धारूहेड़ा थाना पुलिस ने हाईवे से स्कूटी के मामले में तत्परता से कार्रवाई करते हुए एक आरोपी राजस्थान के जिला अलवर के डाबर बाबरिया की ढाणी निवासी कंवर सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई स्कूटी बरामद की है।
सट्टा खाईवाली करते हुए कसोला थाना पुलिस ने बल्लूवाड़ा निवासी कन्हैया लाल को चिराहड़ा से गिरफ्तार कर 760 रुपये बरामद किए है। इसी क्रम में कोसली थाना पुलिस ने जुआ खेलते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार करके उनके कब्जे से 57800 रुपये बरामद किए हैं। रोहड़ाई थाना पुलिस ने रतनथल से रतनथल निवासी रोहतास से अवैध रूप से रखी 24 बोतल देसी शराब बरामद की है। साथ ही कोसली थाना पुलिस ने भूरिया वास निवासी जसवंत को गुडियानी से गिरफ्तार करके उसके पास से अवैध रूप से रखी 24 बोतल देसी शराब बरामद की है। पुलिस अधीक्षक राजेेश कुमार ने बताया कि अभियान का उद्देश्य आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाना तथा आपराधिक तत्वों के अंदर कानून का भय पैदा करते हुए आमजन को सुरक्षित रखना है। जिला पुलिस अपराध पर अंकुश लगाने के लिए और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए समय-समय पर इस प्रकार के अभियान चलाती रहेगी .।