आंगनबाड़ी वर्कर्स ने मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
मांगों को लेकर पांच दिन से धरने पर बैठी आंगनबाड़ी वर्कर्स ने शुक्रवार को शहर के मुख्यमार्गों पर प्रदर्शन किया। इस दौरान वर्कर्स ने कार्यक्रम अधिकारी लता शर्मा और विधायक के सहायक को मांगों का ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में वर्कर्स ने मांग की है कि जब तक सरकार उनकी मांगें नहीं मानती, तब तक वर्कर्स अनिश्चितकाल के लिए धरने पर बैठी रहेंगी। इस दौरान शहर में जाम की स्थिति बन गई। आंगनबाड़ी वर्कर्स की प्रधान राजबाला चौहान ने कहा कि जिले की सैकड़ों वर्कर्स पांच दिन से धरने पर बैठी हैं, लेकिन सरकार का कोई भी नुमाइंदा उनसे बातचीत के लिए नहीं पहुंचा है। सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण प्रदेश की सभी आंगनबाड़ी वर्कर्स सड़कों पर उतरने को मजबूर हुई हैं। कार्यकर्ताओं की हड़ताल से जिले के लगभग सभी आंगनबाड़ी केंद्र बंद पड़े हैं। उनमें आने वाले बच्चों और महिलाओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उल्लेखनीय है कि अपनी मांगों को लेकर प्रदेशभर में सैकड़ों आंगनबाड़ी कार्यकर्ता धरने पर बैठी हुई हैं। इस अवसर किरण शर्मा, संतोष चौधरी, शकुंतला, पुष्पा, बीना नाहड़, संतरा, सुमित्रा, राजवंती व उमेद बाई सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थीं।