रेवाड़ी। रेवाड़ी जिले में 13694 नए मतदाताओं के चुनाव पहचान पत्र बन गए है जिनमें बावल विधानसभा क्षेत्र के 3622, कोसली विधानसभा क्षेत्र के 4150 व रेवाड़ी विधानसभा क्षेत्र के 5922 शामिल है। इनके वितरण का कार्य बीएलओ सुपरवाइजर की देखरेख में किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि विभिन्न क्षेत्रों में अधिकारियों की ड्यूटियां लगाई गई है। जिला प्रशासन द्वारा चुनाव आयोग के निर्देशानुसार आदर्श चुनाव आचार संहिता की सख्ती से अनुपालना सुनिश्चित की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिला में 12439 ऐसे मतदाता है जिनकी आयु 18 से 21 वर्ष के बीच है, जिन्होंने अपने वोट बनवाए है जो अपने मत का प्रयोग पहली बार करेंगे। उन्होंने बताया कि जिला में कुल 779 बूथ है जिनमें बावल-72 क्षेत्र में 257, कोसली-73 में 274 तथा रेवाड़ी-74 में 248 बूथ है। इसके अलावा धारूहेडा में मतदाता अधिक होने के कारण सहायक बूथ बनाने का प्रस्ताव भी चुनाव आयोग को भेजा गया है। रेवाड़ी व धारूहेडा शहर में 115 बूथ तथा बावल शहर में 10 बूथ बनाये गए हैं बाकी बूथ ग्रामीण क्षेत्र में है। उन्होंने बताया कि जिला में 10114 सर्विस वोटर है जो इलेक्ट्रानिक रूप से प्रेषित पोस्टल बैलट सिस्टम का प्रयोग चुनाव में करेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि रेवाड़ी जिला में फिलहाल कोई भी एनआरआई वोटर नहीं है, लेकिन जिले में 10 मतदाता ऐसे है जो विदेश दूतावासों में कार्य करते है। जिनमें बावल विधानसभा क्षेत्र के तीन, कोसली के चार व रेवाड़ी के तीन मतदाता है। उन्होंने बताया कि मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट के बारे में जागरूक करने के लिए चुनाव कार्यालय की जागरूकता वैन गांव-गांव में जाकर ईवीएम और वीवीपैट के बारे में लोगों को जानकारी दे रही है।