11 फरवरी को धारूहेड़ा पहुंचेगी चिरंजीव राव की पोलखोल पदयात्रा
अमर उजाला ब्यूरो
धारूहेड़ा।
पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अजय सिंह ने कहा कि हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव चिरंजीव राव की पोलखोल पदयात्रा को हर गांव में समर्थन मिल रहा है। जनता भाजपा सरकार की नाकामियों को मान रही है और हमारा साथ दे रही है। एक पत्रकार वार्ता में पूर्व मंत्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार जनविरोधी सरकार है, जिसने चार साल देश व प्रदेश की जनता के खराब कर दिए। बजट में भी आम जनता को कुछ नहीं दिया। बजट में वित्त मंत्री ने कहा कि किसानों की लागत मूल्य का डेढ़ गुना मुनाफा देंगे। अब चार साल बाद भाजपा को किसानों की याद आ रही है। चिरंजीव राव ने कहा कि पोलखोल पदयात्रा को हर गांव में समर्थन मिल रहा है। इसी को आगे बढ़ाते हुए आगामी 11 फरवरी को धारूहेड़ा में हमारी पदयात्रा पहुंच रही है। यह पदयात्रा पुरानी तहसील से शुरू होगी। धारूहेड़ा की हर कॉलोनी में नुक्कड़ सभा की जाएगी। इस मौके पर पार्षद डीके सैनी, पार्षद राकेश सैनी, पार्षद सुंदर प्रजापत, पार्षद किशोरी, पार्षद महेश पांडे, पूर्णवासी, भरत तोंगड, ज्ञानी धारूहेडा, विपिन राव, हेमंत मसानी, सरपंच मसानी इत्यादि मौजूद रहे।