रेवाड़ी। पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों के महिलाओं की शिकायत पर दहेज उत्पीड़न के केस दर्ज किए है। पुलिस ने मामलों की जांच शुरू कर दी है। कोनसीवास रोड निवासी सोनम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी वर्ष 2015 में अलवर निवासी विपिन के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर उसे परेशान किया जा रहा था। कई बार उसके साथ मारपीट की गई। परेशान होकर मायके लौट आई। दूसरी ओर चांदपुर की ढाणी निवासी नीतू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी गुरुग्राम के नाहरपुर रूपा निवासी मनदीप के साथ हुई थी। शादी के बाद दहेज की मांग को लेकर ससुराल पक्ष परेशान करने लगा। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने दोनों मामलों में ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कर लिया है। तीसरे मामले में कोसली निवासी सोनू ने बताया कि उसकी शादी जयभगवान के साथ हुई थी। शादी के बाद उससे दहेज की मांग की जाने लगी। मना किया तो मारपीट की गई। कोसली पुलिस ने पति सहित ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।