खोरी में बेटियों के स्कूल के लिए जमीन दान करेंगे महावीर
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। जिले के गांव खोरी में लड़कियों के लिए नया सरकारी स्कूल बनवाने के लिए खोरी निवासी महाबीर प्रसाद शर्मा अपनी तीन एकड़ से ज्यादा पैतृक जमीन दान करेंगे। उन्होंने शिक्षा विभाग के निदेशक को एक पत्र लिखकर इस संदर्भ में प्रस्ताव भेजा है। विद्यालय के प्राचार्य टेकचंद ने बताया कि विभाग के निदेशालय से इस संदर्भ में पत्र मिला है। जिसमें ग्राम पंचायत से इस संदर्भ में संबंधित प्रस्ताव मांगा गया है। विद्यालय ने संबंधित पत्र ग्राम पंचायत को भेजकर प्रस्ताव देने का आग्रह किया है। उल्लेखनीय है कि खोरी निवासी महाबीर प्रसाद शर्मा जयपुर में रह रहे हैं और गांव में अपनी पैतृक जमीन बेटी पढ़ाओ अभियान को समर्पित करना चाहते हैं। विद्यालय परिवार ने दानवीर की उक्त भावना पर खुशी जाहिर करते हुए आभार ज्ञापित किया है।