आयुष चिकित्सा शिविर का 450 लोगों ने उठाया लाभ
धारूहेड़ा।
औद्योगिक कस्बा में सोमवार को वसंत पंचमी के उपलक्ष्य में जिलास्तरीय आयुष चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ रेवाड़ी के विधायक रणधीर सिंह कापड़ीवास ने दीप प्रज्वलन कर किया। उन्होंने कहा कि लोगों को प्रदेश सरकार द्वारा लगाए जाने वाले चिकित्सा शिविरों का लाभ उठाना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने आयुर्वेदिक औषधियों के अपने अनुभव साझा किये और आयुर्वेद के फायदे एवं दिनचर्या के लाभ के बारे में लोगों को अवगत कराया। शिविर में आयुर्वेद, योग, होमियोपैथी के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा रोगियों की निशुल्क जांच एवं उपचार किया गया। लगभग 450 रोगियों ने शिविर का लाभ उठाया। शिविर में पंचकर्म चिकित्सा का प्रत्यक्ष प्रदर्शन करवाया गया। जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. अजीत सिंह यादव ने आयुष विभाग के कार्यों का विवरण देते हुए आयुर्वेद के सिद्धांतों के बारे में बताया।