अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
रेवाड़ी रेलवे जंक्शन से अपहृत तीन साल के मासूम कपिल की बरामदगी की मांग के लिए जनसंघर्ष समिति के बैनर तले लोगों ने शनिवार को प्रदर्शन किया। समिति सदस्याें ने विरोध जताते हुए स्टेशन अधीक्षक को ज्ञापन भी सौंपा। इससे पहले शहरवासी नेहरू पार्क में एकत्रित हुए। जनसंघर्ष कमेटी के प्रवक्ता राजेंद्र सिंह ने बताया कि 25 जुलाई को रेवाड़ी रेलवे जंक्शन से कपिल का अपहरण हो गया, जिसका अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका है। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने अपहृत कपिल को वापिस लाओ, मासूम तीन वर्षीय कपिल को बरामद करो, रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध करो, कपिल को बरामद करने में नाकाम रेलवे पुलिस प्रशासन होश में आओ आदि नारे लगाते हुए रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। इसके बाद स्टेशन अधीक्षक को ज्ञापन दिया, जिसकी प्रति रेलमंत्री भारत सरकार, डीजीपी हरियाणा, पुलिस अधीक्षक जीआरपी अंबाला, मुख्यमंत्री हरियाणा सरकार, मानवाधिकार आयोग, आयोग चाइल्ड प्रोटक्शन राइट दिल्ली को भी भेजी गई। इस अवसर पर जनसंघर्ष कमेटी के अध्यक्ष प्रो. अनिरुद्ध, डॉ. कंवर सिंह, वेद प्रकाश विद्रोही, आनंद यादव, ओमप्रकाश, संजय शर्मा, दयानंद प्रधान, रमेश चंद, रामकुमार, निमोठ, अमर सिंह राजपुरा, अनिल आर्य, रामकिशन, देशराज, राजबाला, शिवपाल, सुनील एडवोकेट, रमेश चंद, तरुण कुमार, मुकेश, सतीश, बलवंत सिंह, शिवचरण राजपुरा, नरेश, सतीश, इंद्रजीत भाखली, लक्ष्मण सिंह आदि मौजूद थे।