रेवाड़ी। जिला सचिवालय स्थित आबकारी एवं कराधान विभाग के कार्यालय में वीरवार सुबह मुख्यमंत्री उड़नदस्ता टीम ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में 24 में से 15 कर्मचारी गैर हाजिर पाए गए। टीम की कार्रवाई के चलते सचिवालय में अन्य डिपार्टमेंट में भी हड़कंप मच गया। टीम ने गैर हाजिर मिले कर्मचारियों की रिपोर्ट बनाकर उच्च अधिकारियों को भेज दी है। दरअसल, मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम को जानकारी मिली थी कि सचिवालय के कमरा नंबर-306 स्थित उप आबकारी एवं कराधान आयुक्त के कार्यालय में कर्मचारी अक्सर गैर हाजिर रहते हैं। सूचना के बाद टीम वीरवार की सुबह ठीक 9 बजकर 25 मिनट पर कार्यालय में पहुंच गई। इस दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट पंचायती राज विभाग के एक्सईएन नरेंद्र गुलिया भी साथ रहे। टीम ने सबसे पहले हाजिरी रजिस्टर चेक किया।
कर्मचारियों के साथ अधिकारी भी रहे गैर हाजिर
कार्यालय में कुल 24 कर्मचारी कार्यरत हैं। इनमें 15 कर्मचारी गैर हाजिर पाए गए। इनमें डीईटीसी लक्ष्मी नारायण, एईटीओ देवेश साहू, एईटीओ सुरेंद्र कुमार, एईटीओ प्रदीप कुमार, एक्साइज इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार, एक्साइज इंस्पेक्टर आशीष यादव, एक्साइज इंस्पेक्टर रक्षा यादव, चपरासी सरीता यादव व चपरासी अर्चना यादव के अलावा विभाग में तैनात छह पुलिसकर्मी ईएएसआई प्रेमचंद, हेड कांस्टेबल विजय कुमार, ईएचसी संदीप, ईएचसी राकेश, बलवान व विकास शामिल है।
सचिवालय के अंदर रेड का पहला मामला
गैर हाजिर मिले कर्मचारियों के बारे में जानकारी जुटाने के बाद इसकी एक रिपोर्ट बनाकर चंडीगढ़ स्थित मुख्यालय में भेजी गई है, जिससे आगामी कार्रवाई की जा सके। बता दें कि पिछले कुछ महीनों में मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की तरफ से लगातार सरकारी कार्यालयों का निरीक्षण किया जा रहा है। सचिवालय के अंदर किसी डिपार्टमेंट में इस तरह की ये पहली कार्रवाई की गई है, जिससे यहां पर अन्य डिपार्टमेंट में भी खलबली मची रही।