अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। निर्वाचन आयोग की ओर से 25 जनवरी को देशभर में राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाएगा। इसके तहत जिलास्तर पर बाल भवन में राष्ट्रीय मतदाता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उपायुक्त अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य 18 वर्ष की उम्र पूरी कर चुके युवाओं को वोट की महता के बारे में जागरूक करना है ताकि वे अपना वोट बनवाकर मतदान कर सकें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में एक-एक वोट की कीमत होती है, इसलिए 18 वर्ष की उम्र पूरी होते ही अपना वोट अवश्य बनवाएं। नायब तहसीलदार चुनाव दलीप सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस के दिन रेवाड़ी, बावल और कोसली विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर सभी विभागों में कार्य कर रहे स्टाफ को मतदाता शपथ दिलाई जाएगी। स्कूल व कॉलेज में आयोजित होने वाली क्विज प्रतियोगिता में सराहनीय प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित भी किया जाएगा।