चाकू मारकर घायल करने के आरोप में छह गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
दिल्ली रोड पर एक युवक की बाइक रोककर चाकू मारने की वारदात में शामिल छह आरोपियों को बीती देर शाम शहर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान फिदेडी निवासी अमित उर्फ मुंशी, माढिया निवासी रामबीर उर्फ मामा, नरेंद्र और ढाकिया निवासी नरेश उर्फ मोटा व राहुल के रूप में हुई है। कमालपुर निवासी साहिल, पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है। जांचकर्ता एएसआई विरेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपियों की शिकायतकर्ता मंजीत सिंह के साथ करीब डेढ़ महीने पहले झगड़ा हुआ था। उसी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया था। 5 अगस्त को गांव खोरी निवासी मंजीत सिंह अपने एक दोस्त और अपने मामा के लड़के के साथ बाइक पर दिल्ली रोड स्थित उत्तम नगर के नजदीक स्थित महेंद्रा एजेंसी में बोलेरो पिकअप लेने के लिए पहुंचा था। जब वे दोनों महेंद्रा एजेंसी के नजदीक दिल्ली रोड पर पहुंचे तो करीब पांच छह बाइकों पर उक्त आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ आए। मंजीत सिंह की बाइक रोककर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक आरोपी ने पीछे से मंजीत सिंह की पीठ में चाकू मार दिया। इससे वह घायल होकर मौके पर ही गिर गया। इसके बाद सभी आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने मंजीत की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा।