अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। लोकसभा चुनावों में मतदाताओं को मताधिकार के प्रति जागरूक करने के लिए चित्रकारी अभियान के तहत लघु सचिवालय, सेक्टर-1 पार्क, गर्ल्स स्कूल, बस स्टैंड, राष्ट्रीय राजमार्ग के फ्लाईओवर व बाल क्रीड़ा परिसर आदि स्थानों पर दिवारों पर चित्रकारी द्वारा मतदाताओं को जागरूक करने का कार्य उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में जिला में तेजी से किया जा रहा है। इन दिवारों पर मतदाताओं को मतदान के प्रति प्रेरित करने के लिए प्रेरक स्लोगन लिखे गए हैं। स्वीप गतिविधियों के नोडल अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त प्रदीप दहिया ने बताया कि लोकतंत्र के महा पर्व में हर मतदाता महत्वपूर्ण है तथा मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य को लेकर जिला में विभिन्न प्रकार की स्वीप गतिविधियां चलाई जा रही हैं। जिनमें से दीवारों पर चित्रकला करके उनको सजाना तथा साथ में संदेश भी देना, एक तरीका है। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार शर्मा जिला में स्वीप अभियान को लेकर पूरी तरह गंभीर हैं। इसके अलावा, जिला प्रशासन द्वारा मतदाताओं को जागरूक करने के अन्य कई प्रकार के उपाय भी किए गए हैं। जिला में मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने के लिए ईवीएम व वीवीपैट मशीनों की जानकारी भी गांव गांव में पब्लिसिटी वैन द्वारा दी जा रही है। इसके अलावा, सरकारी भवनों की चहारदीवारी पर मतदाता जागरूकता संदेश लिखे जा रहे हैं। लघु सचिवालय में तीन एलइडी लगाई गई है जिसके माध्यम से भी लोगों को वोट डालने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। चुनाव से संबंधी कोई भी जानकारी 1950 पर ले सकते है।