किसानों को जमीन बेचने के लिए दलालों से मिलेगा छुटकारा
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
किसानों को अब दलालों के चक्कर के फंसकर औने-पौने दामों पर अपनी जमीन को नहीं बेचना पड़ेगा। एचएसआईआईडीसी ने नया पोर्टल बनाया गया है, जिसमें किसान अपनी जमीन का स्टेटस अपडेट कर सकेंगे। इसमें किसानों को उस जगह की कीमत के अनुसार पैसा मिलेगा। हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं संरचना विकास निगम लिमिटेड ने विकास परियोजनाओं के लिए स्वेच्छा से सरकार को दी जाने वाली जमीन की खरीद करने के लिए नीति अधिसूचित की है। इस नीति का उद्देश्य किसानों की भूमि की मजबूरन बिक्री करने से रोकना और हरियाणा राज्य में विकास परियोजनाओं के लिए स्थल निर्धारित करते समय निर्णय लेने में भू-मालिकों को शामिल करना है। एचएसआईआईडीसी ने राज्य सरकार के विभागों को जमीन बेचने के लिए ऑनलाइन प्रस्ताव आमंत्रित करने के लिए एक ऑनलाइन पोर्टल विकसित किया है। इसके माध्यम से स्वैच्छिक आधार पर विभागों की जरूरत के अनुसार भूमि की बिक्री के लिए प्रस्ताव इस पोर्टल पर डाला जा सकता है। इसके लिए रेवाड़ी जिले के भूमि मालिक भी अपनी जमीन बेचने के लिए उपरोक्त पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रॉपर्टी डीलर कंसलटेंट एक्ट 2008 के तहत लाइसेंस जारी करवाने व नवीनीकरण के लिए भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।