किसान विरोधी है प्रदेश सरकार : कैप्टन अजय
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव का कहना है कि किसान विरोधी भाजपा सरकार का चेहरा एक बार फिर सामने आया है। सरकार किसानों को लूट रही है। सरकार ने बाजरे का न्यूनतम खरीद मूल्य मात्र 1426 रुपये रखा है। किसान विरोधी सरकार बाजरे को खरीद नहीं रही है। किसान हजारों टन बाजरा मंडी में लेकर खडे़ हुए हैं। यहां अनाज मंडी में प्रदेश कांग्रेस पार्टी के महासचिव चिरंजीव राव के साथ पहुंचे कैप्टन यादव ने कहा कि किसानों को मजबूरी में 1100 रुपये में बाजरा बेचना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि करीब 70 प्रतिशत बाजरा मंडी में आ चुका है। हमारे दक्षिणी हरियाणा में सबसे ज्यादा बाजरा और सरसों बोई जाती है। सरकार से मेरी गुजारिश है कि जल्द से जल्द किसान भाइयों का बाजरा खरीदें। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव चिरंजीव राव ने कहा कि सरकार के खिलाफ किसानों में भारी रोष है। वर्तमान सरकार सत्ता हासिल करने से पहले स्वामीनाथन रिपोर्ट लागू करने की बात कहती थी। किसानों को उनकी लागत मूल्य के अलावा लागत मूल्य का 50 प्रतिशत का मुनाफा देने का वादा किया था। अब हालात यह हैं कि सरकार किसान भाइयों का बाजरा खरीदने का तैयार नहीं है। करीब 10 दिन बीत चुके हैं, न्यूनतम समर्थन मूल्य 1426 करने के बावजूद किसानों को मजबूरी में 1100 रुपये में अपनी मेहनत की कमाई देनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने शीघ्र ही किसानों को इनका हक नहीं दिया तो वह इसके लिए आंदोलन करेंगे।