सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। जिले के अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई। वहीं एक व्यक्ति की संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है। हालांकि मौत का कारण जहरीले पदार्थ का सेवन बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार गुरुग्राम-रेवाड़ी सीमा पर गांव कापडीवास के निकट पर वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि 22 वर्षीय कानपुर निवासी संदीप कुमार एनएच-8 पर सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान तेज गति से आ रहे वाहन ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को एंबुलेंस की मदद से नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरी ओर रेवाड़ी-नारनौल मार्ग पर खोरी के निकट गांव माखरिया निवासी 20 वर्षीय महेश यादव की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। नागरिक अस्पताल में शव पोस्टमार्टम करने बाद परिजनों को सौंप दिए गए हैं। वहीं तीसरे केस में गंगायचा अहीर निवासी 40 वर्षीय अनिल कुमार की तबीयत बिगड़ गई। चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने के चलते रोहतक रैफर कर दिया। लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि अनिल ने गलती से जहर का सेवन कर लिया था।