अलवर बार प्रधान के नेतृत्व में संघर्ष करेंगे वकील
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
जिला अलवर के बार रूम में अधिवक्ताओं की ओर से भिवाड़ी के फूलबाग थाना कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल के पूर्व चेयरमैन सहित एक दर्जन से अधिक बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में वकीलों ने आगामी रणनीति बनाते हुए जिला अलवर के बार प्रधान अनिल वशिष्ठ को अपनी हड़ताल का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी सौंपी। बैठक में सर्वसम्मति से पुलिस कर्मचारियों के दुर्व्यवहार के खिलाफ उचित कार्यवाई नहीं होने तक हड़ताल जारी रखने का निर्णय लिया गया। अलवर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल वशिष्ठ ने कहा कि वह आगामी मंगलवार को अलवर बार एसोसिएशन की ओर से बैठक की जाएगी तथा आगामी रणनीति बनाई जाएगी। सोमवार और मंगलवार को अलवर सहित जिले की अन्य सभी बार एसोसिएशन अपनी कार्य स्थगित रखेंगे। वहीं दूसरी ओर रेवाड़ी बार एसोसिएशन की ओर से दायर याचिका सुप्रीम कोर्ट ने राजस्थान हाईकोर्ट को जल्द निपटारा करने के लिए प्रेषित कर दी है। इस अवसर पर पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल के पूर्व चेयरमैन मिंदरजीत यादव व प्रवेश यादव ने अपने विचार रखे तथा वकीलों के संगठन को मजबूत बताते हुए पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ कार्यवाही किए जाने तक कार्य स्थगित रखने पर सहमति जताई। इस अवसर पर रोहतक बार एसोसिएशन के अध्यक्ष लोकेंद्र फोगाट, चरखी दादरी के प्रधान सुदीप सांगवान, बहादुरगढ़ से प्रधान राजेंद्र राठी, महेंद्रगढ़ के पूर्व प्रधान बंशीलाल, सचिव अशोक ,नारनौल के प्रधान महेंद्र सिंह यादव, भिवाड़ी बार के अध्यक्ष दिनेश तंवर, प्रथम बार एसोसिएशन के राकेश दायमा, तिजारा के प्रधान शैलेंद्र यादव, रेवाड़ी बार अध्यक्ष रविंद्र यादव, उपाध्यक्ष राजीव यादव, सचिव प्रमोद यादव, सह सचिव मोनिका यादव ,कोषाध्यक्ष विशाल यादव, कामरेड राजेंद्र सिंह, एसएन वशिष्ठ, केआर खुराना,अजीत सिंह आदि मौजूद थे।