अतुलनीय योगदान के लिए किया सम्मानित
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
भारतीय गोरक्षा दल रेवाड़ी द्वारा महर्षि दयानंद सरस्वती के 194वें जन्मोत्सव के अवसर पर ब्रास मार्केट में एक शाम गोमाता व वीर शहीदों के नाम कार्यक्रम आयोजन का किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित व मंत्रोच्चारण के साथ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय गोरक्षा दल के संस्थापक प्रदीप डागर ने की। मुख्य अतिथि के रूप में त्रिलोक शर्मा, एमपी गोयल, आचार्य चांद सिंह आर्य, जिला पार्षद सनी यादव ने शिरकत की। इस दौरान गो सेवा के लिए हेडमास्टर जयसिंह, शिक्षा के क्षेत्र में अनिल आर्य, सबसे कम उम्र में माउंट एवरेस्ट फतेह करने वाले नरेंद्र यादव, योग मास्टर दयाराम आर्य, पौधरोपण व पर्यावरण रक्षा के लिए राजकुमार चिमनावास को विभिन्न क्षेत्रों में अतुलनीय योगदान के लिए सम्मान पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। भारतीय गोरक्षा दल के संस्थापक प्रदीप डागर ने कहा कि हमारा लक्ष्य प्रत्येक व्यक्ति को गोमाता से जोड़ना है। पूरे देश को फिर से गो मय बनाना है। भारतीय संस्कृति को पुन: स्थापित करने के लिए गांव गांव में अभियान चलाया जाएगा। त्रिलोक शर्मा ने बताया कि हमें अपनी रक्षा करने के लिए देश की रक्षा करनी पड़ेगी और देश की रक्षा के लिए धर्म की रक्षा करनी पड़ेगी। वहीं धर्म की रक्षा के लिए गोमाता की रक्षा जरूरी है। क्योंकि हमारे धर्म व संस्कृति के मूल में गोमाता है। कार्यक्रम में सैकड़ों युवाओं ने गोमाता व भारत माता की रक्षा करने का संकल्प लिया।