राजकीय स्कूल के विद्यार्थियों ने निजी स्कूल को पछाड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
खोल।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गोठड़ा टप्पा डहीना में मिलन समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर डहीना स्थित एक निजी विद्यालय शिवा स्कूल से विद्यार्थियों को विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया था। गोठड़ा और शिवा स्कूल के विद्यार्थियों के बीच हुई विभिन्न प्रतियोगिताओं में सबसे पहले आयोजित हुई विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में गोठडा स्कूल के विद्यार्थियों की टीम विजेता रही। नारी-शिक्षा, भ्रूण-हत्या, दहेज-प्रथा और पर्यावरण विषयों को लेकर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में शिवा स्कूल की अनुजा प्रथम, गोठड़ा स्कूल की सरिता द्वितीय और शिवा स्कूल की अनामिका तृतीय स्थान पर रही। दोनों स्कूलों के विद्यार्थियों ने इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी कई बेहतरीन गीत प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया। कार्यक्रम में मंच-संचालन की भूमिका निभाकर विनोद कुमार लेक्चरर बायोलॉजी ने भी गरीब लाचार बच्चों की दयनीय स्थिति को अपनी स्वरचित कविता के माध्यम से मार्मिक रूप में प्रस्तुत किया। इसके बाद दोनों स्कूलों के छात्रों के बीच आयोजित हुई कबड्डी प्रतियोगिता में गोठड़ा स्कूल ने 36-35 से बाजी मारी। 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में 9 से 10 वर्ग (छात्र) में गोठड़ा स्कूल के नवीन, कर्मवीर और अमन, छात्रा (9 से 10) में गोठड़ा की सरिता, रेनू और बबिता, 6 से 8 वर्ग(छात्र) में शिवा स्कूल का चिराग, साहिल व गोठड़ा स्कूल से सुमित, छात्रा(6 से 8) वर्ग में गोठड़ा स्कूल की सरिता, शिवा स्कूल की सीना व गोठड़ा स्कूल की मुस्कान प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रही। अंत में सभी गतिविधियों में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को गोठड़ा स्कूल की तरफ से सम्मानित किया गया । इस मौके पर स्कूल इंचार्ज पिंकी, वर्षा, विनोद कुमार, उदय राम, मनोज, जितेंद्र आदि मौजूद थे।