पहले तो बेटी से बलात्कार का दर्द, उसके बाद उसके घर से अचानक गायब हो जाने पर पुलिस का प्रताड़ित करना।
ये आरोप लगाते हुए हरियाणा के एक परिवार के पांच सदस्यों ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में मां, बेटी शामिल है।
वहीं, तीन अन्य को गंभीर हालत में हिसार के सामान्य अस्पताल में पहुंचाया गया। वहां से उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया।
पुलिस का कहना है कि पूरे परिवार ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसके बारे में तीनों के बयान से ही स्थिति साफ हो सकेगी, लेकिन प्रारंभिक जांच में पता चला है कि परिवार आर्थिक तंगी से गुजर रहा था और हो सकता है कि इसी वजह से सबने जहर खाया।
उकलाना पुलिस थाना प्रभारी जय भगवान कौशिक ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम के लिए हिसार अस्पताल भेज दिया गया है।
मामले की जांच की जा रही है। इस बीच एसपी मुकेश कुमार और डीडीपीओ सुमित कुमार भी सामान्य अस्पताल में पहुंचे और घटना की पूरी जानकारी हासिल की।
एजेंसी के मुताबिक रोहतक पीजीआई में भर्ती परिवार के मुखिया ने होश में आने पर बताया कि लापता बेटी को लेकर पुलिस वाले परिवार को प्रताड़ित कर रहे थे।
इसीलिए तंग आकर सभी ने खुदकुशी करने का फैसला किया था।
परिवार के साथ हो चुका है एक हादसा
पुलिस का कहना है कि इस परिवार की एक बेटी के साथ पिछले साल 18 मई को अपहरण कर दुराचार किया गया था। इस मामले में अग्रोहा के गांव रावलवास खुर्द निवासी युवक रोहताश के खिलाफ अपहरण और दुराचार का मामला दर्ज कराया गया था।
शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रोहताश को गिरफ्तार कर लिया था। रोहताश इन दिनों हिसार जेल में बंद है। इसके बाद दुराचार पीड़िता इस साल 22 फरवरी को अचानक गायब हो गई।
गुमशुदगी का परचा थाना उकलाना में दर्ज है। परिवार को आज तक बेटी की कोई खोज खबर नहीं लगी है।