गांव निगाणा कलां स्थित राजकीय उच्च विद्यालय के एक अध्यापक पर छात्रा ने
दुराचार के आरोप लगाए। जब यह बात ग्रामीणों को पता चली तो उन्होंने स्कूल
में आकर आरोपी संस्कृत अध्यापक शिवचरण की जमकर धुनाई की।
इसके बाद
ग्रामीणों ने स्कूल को ताला जड़ दिया। ग्रामीण अध्यापक के खिलाफ कड़ी
कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। घटना की सूचना मिलने पर डीएसपी मौके पर
पहुंचे और मामले के बारे में पूछताछ की। पुलिस ने अध्यापक शिवचरण के खिलाफ
केस दर्ज कर लिया है।
गांव निगाणा कलां के राजकीय उच्च विद्यालय
में कार्यरत अध्यापक शिवचरण पर आरोप लगा है कि उसने छह नवंबर को 10वीं की
छात्रा को पानी मंगवाने के बहाने स्कूल के कमरे में बुलाया और उसके साथ
दुराचार किया। लड़की के भाई ने बताया कि छह नवंबर के बाद वह स्कूल नहीं गई।
स्कूल नहीं जाने का कारण बार-बार पूछने पर उसने शुक्रवार सायं बताया कि
अध्यापक ने उसके साथ बुरा काम किया। ग्रामीणों ने स्कूल पहुंचकर अध्यापक की
धुनाई कर दी।
इस बीच मुख्य अध्यापक ने ग्रामीणों को समझाने का
प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने और स्कूल को ताला जड़ दिया। ग्रामीण इस
बात पर अड़े थे कि दोषी अध्यापक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और उसे
स्कूल से निकाला जाए।
मुख्य अध्यापक रमेश कुमार ने कहा कि वे
अध्यापक के खिलाफ विभागीय अधिकारियों को कार्रवाई के लिए लिखेंगे। वहीं,
आरोपी अध्यापक ने स्वयं को निर्दोष बताया और कहा कि उसे जानबूझ कर फंसाया
जा रहा है।
डीएसपी पृथ्वी सिंह ने कहा कि छात्रा से दुराचार के
मामले में तोशाम पुलिस ने लड़की की शिकायत पर अध्यापक शिवचरण के खिलाफ
भादंसं की धारा 376, एसएसटी और बाल शोषण के तहत मुकदमा दर्ज किया है।