हरियाणा सरकार की ओर से रोडवेज विभाग में दिए जा रहे 3519 प्राईवेट रूट परमिटों को रद्द करवाने की मांग के लिए बुधवार को रोडवेज कर्मियों ने शहर में जोरदार रोष प्रदर्शन किया।
सुबह से ही रोडवेज कर्मचारी, जिला व ब्लाकों के विभिन्न संगठनों के नेता बस स्टैंड फतेहाबाद में एकत्रित होने शुरू हो गए थे और बस स्टैंड पर सभा आयोजित की गई।
सभा के बाद कर्मचारी जीटी रोड पर रोष प्रदर्शन करते हुए उपायुक्त कार्यालय पहुंचे। उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री को मांग पत्र भेजकर प्राईवेट परमिटों को रद्द करने की मांग की।
कर्मचारियों ने उपायुक्त को हजारों आम लोगों द्वारा प्राईवेट परमिटों बारे जताए गए विरोध के हस्ताक्षर भी सौंपे।
विरोध सभा को संबोधित करते हुए राज्य प्रधान सरबत सिंह पूनिया, जिला प्रधान बेगराज, हरिचंद कंबोज ने कहा कि मुख्यमंत्री सार्वजनिक क्षेत्रों के सरकारी विभागों को पूंजीपतियों के हाथों लूटवाने का कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने 3519 परमिट रद्द नहीं किया तो मजबूरन कर्मचारियों को 12-13 नवंबर को चक्का जाम करेंगे। प्रदर्शन में सर्व कर्मचारी संघ के हवा सिंह, पवन शर्मा, सूरजभान चोपड़ा, कीमत, सतबीर दहिया, भागीरथ, गुरदेव सिंह, सुरेन्द्र मलिक, नंदलाल, मदन लाल गुलेरिया और रमेश शर्मा सहित अनेक कर्मचारी नेताओं ने भाग लिया।