कुरुक्षेत्र के जिला प्रशासन की ओर से खानपुर कौलियां में रात्रि ठहराव खुले दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान 120 आधार कार्ड बनाए गए, जबकि 102 ड्राइविंग लाइसेंस बनाने के साथ-साथ 186 लोगों के स्वास्थ्य की जांच करके निशुल्क दवा दी गई।
खुले दरबार में विभिन्न विभागों से संबंधित 53 मामले आए, जिनमें से 13 दर्खास्तें जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी, 11 दर्खास्तें अतिरिक्त जिला उपायुक्त, आठ मामले खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी थानेसर, 5 मामले तहसीलदार थानेसर, जबकि 4 दर्खास्तें सिविल सर्जन कुरुक्षेत्र से संबंधित थीं।
उपायुक्त ने दर्खास्तों पर सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे लोगों की शिकायतों का अविलंब निपटारा करें। इस दरबार में एक्सईएन उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम कुरुक्षेत्र, पीओआईसीडीएस से सम्बंधित क्रमश: तीन व दो दर्खास्तें आईं, जबकि एसडीएम थानेसर, जिला कल्याण अधिकारी, डीएसपी कुरुक्षेत्र, डीएफएसई, डीएफओ तथा डीईटीसी एक्साईज से संबंधित एक-एक दर्खास्त आई।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर बुलाकर लोगों की शिकायतों एवं समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। लगभग साढे़ पांच घंटे तक चले खुले दरबार में अधिकतर शिकायतों एवं समस्याओं का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया।
गांव के लोगों द्वारा विशेषकर महिलाओं द्वारा मांग रखी गई कि कुछ लोग गांव के ठेके पर ही दारू पीकर आने-जाने वालों को परेशान करते हैं। उपायुक्त ने डीईटीसी एक्साइज बिमला चौहान को निर्देश दिए कि वे रेड डलवाकर ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करें।
पेंशन संबंधी विषय को लेकर जिला कल्याण अधिकारी को सभी दरखास्तें निपटाने की बात कही। इसी प्रकार बीडीपीओ थानेसर को निर्देश दिए कि वे सिरसला गांव में स्वयं जाकर सफाई व्यवस्था देखें और गांव के लोगों के सहयोग से संबंधित क्षेत्र में सफाई व्यवस्था बहाल करवाएं।
उन्होंने इस मौके पर पशु चिकित्सक को निर्देश देते हुए कहा कि गांव खानपुर कौलियां जीटी रोड के दोनों तरफ बसा हुआ है और दोनों तरफ ही अधिकतर किसान और खेतीहार मजदूर भी रहते हैं। इसलिए गांव में एक समान पशु चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होनी चाहिए। इसमें किसी प्रकार की कौताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इससे पूर्व सीएमओ शिव कुमार, पीओ भूषणपाल, समाज कल्याण सुरजीत कौर सहित कृषि, बागवानी, व अन्य विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित स्कीमों की जानकारियां दी।
इस मौके पर एडीसी डॉ. यश गर्ग, आरटीए सुशील कुमार मलिक, डीआईपीआरओ धर्मवीर सिंह, डीआरओ अशोक मलिक, डीईटीसी सुधीर शर्मा, बिमला चौहान, पीओ गुरविंद्र कौर मल्ली, डिप्टी सीईओ ईश्वर सिंह सहित विभिन्न विभागों के उच्चाधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर मंच का संचालन एआईपीआरओ बलराम शर्मा ने किया।