गुरुनानक पुरा गुरुद्वारा के सामने अहाते पर शराब पी रहे चार लोगों ने
बुधवार शाम को गुरुद्वारा के प्रधान एवं ग्रंथी ज्ञानी सिंह से गाली-गलौच
करते हुए उन पर हमला कर दिया।
शराब पीने से मना करने पर बदमाशों ने
ग्रंथी के साथ मारपीट करते हुए उनकी पगड़ी भी उछाल दी। इस मामले में
वीरवार को दर्जन भर लोगों ने उपायुक्त डॉ. साकेत कुमार से मिलकर शिकायत
दर्ज करवाई। उपायुक्त ने पुलिस को आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करने और
डीईटीसी को नियमानुसार अहाता के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
डीसी
से शिकायत में लोगों ने बताया कि बुधवार शाम को ग्रंथी गुरुद्वारा में जा
रहे थे तो सामने अहाते पर नशे में खड़े गुरमीत, गुरमुख, अमर सिंह और
कश्मीरा ने उन्हें गाली देनी शुरू कर दी। ग्रंथी ने उन्हें वहां खड़े होकर
शराब पीने से मना किया क्योंकि वहां से गुरुद्वारे में महिला श्रद्धालु भी
आती-जाती रहती हैं। ग्रंथी ज्ञानी सिंह ने बताया कि शराबियों ने उनकी पगड़ी
फेंक दी और मारपीट की।
उपायुक्त ने जिला आबकारी आयुक्त को निर्देश
दिए कि वह मौके पर जाकर पूरे मामले की जांच करें। अगर अहाता नियम पूरे नहीं
करता तो उसे तुरंत वहां से हटाया जाए।