पानीपत। जिला परिषद की नवनिर्वाचित अध्यक्ष काजल देशवाल ने वीरवार को शपथ ले ली। उन्होंने शपथ लेते ही अपना चार्ज संभाल लिया और लोगों से मिलकर उनकी समस्या सुनी। अध्यक्ष ने 28 जून को जिला परिषद की बैठक बुलाई है। करीब छह महीने बाद यह बैठक होगी। इससे पहले एक दिन प्री बैठक होगी। जिसमें पार्षदों से विकास कार्यों पर चर्चा की जाएगी।
उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने वीरवार को जिला सचिवालय में वार्ड-13 की जिला परिषद सदस्य काजल को अध्यक्ष पद की शपथ दिलाई। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर शुभकामनाएं दी। उपायुक्त ने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण पद है। जिसका संबंध आम व्यक्ति से है। उन्हें उम्मीद है कि वे इस पद की गरिमा को ध्यान में रख कर विकास की गति में तेजी लाएंगी। सभी परिषद सदस्यों को साथ लेकर जिले का विकास करेगी।
इस मौके पर जिला परिषद के कार्यकारी अधिकारी गौरव कुमार ने उन्हें अध्यक्ष को पदासीन कराया। अध्यक्ष काजल देशवाल ने सभी सदस्यों का आभार जताया और सबको साथ लेकर विकास कार्य कराने का भरोसा दिया।
बॉक्स
छह महीने बाद होगी बैठक
अध्यक्ष काजल देशवाल ने अधिकारियों से चर्चा की और 28 जून को जिला परिषद की बैठक बुलाने का फैसला लिया। उल्लेखनीय है कि छह महीने पहले जिला परिषद की बैठक हुई थी। पार्षद जनवरी महीने में तत्कालीन अध्यक्ष ज्योति शर्मा के खिलाफ लामबंद हो गए थे। उन्होंने उपायुक्त को विश्वास लाने के लिए शपथ पत्र सौंप दिए थे। जिला प्रशासन ने 14 जून को अध्यक्ष का चुनाव कराया था। जिसमें वार्ड-13 की पार्षद काजल देशवाल को निर्विरोध अध्यक्ष चुना था। उनको शपथ ग्रहण का इंतजार था। काजल देशवाल ने बताया कि वह सबको साथ लेकर विकास कार्य करेंगी। जिला परिषद की 28 जून को बैठक बुलाई गई है। इससे पहले एक दिन प्री बैठक में पार्षदों के साथ चर्चा की जाएगी।