पानीपत। छाजपुर गांव के पास शनिवार की रात को अज्ञात वाहन की टक्कर से एक मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार युवक सड़क किनारे लगी ग्रिल से जा टकराया और उसके सिर व पेट पर गंभीर चोटें आई थी। सुबह राहगीरों की सूचना पर सनौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने एंबुलेंस को बुलाकर शव को नागरिक अस्पताल में भिजवाया, आधार से उसकी शिनाख्त कर परिजनों को इसकी सूचना दी गई। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। अब पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक पर केस दर्ज कर उसकी धरपकड़ शुरू कर दी है। सनौली खुद गांव निवासी मोनू (27) का रविवार सुबह छाजपुर गांव के पास सड़क किनारे शव मिला। शव के पास उसकी मोटरसाइकिल पड़ी थी। उसका शव सड़क किनारे लगी ग्रिल पर अटका हुआ था। ग्रिल भी खून से सनी हुई थी। प्राथमिक जांच में मोनू की मोटरसाइकिल को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी है। एंबुलेंस कर्मी राजपाल सिंह ने बताया कि उनके पास रविवार सुबह सात बजे सनौली पुलिस थाना से कॉल आई थी। कॉल आते ही वो एंबुलेंस लेकर मौके पर पहुंचे। यहां शव की तलाशी ली गई युवक के पास से एक मोबाइल व आधार कार्ड मिला। आधार कार्ड के जरिए उसकी पहचान कर परिजनों को सूचना दी गई। फिर परिजन नागरिक अस्पताल में पहुंचे। अब सनौली थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।