माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। जाटल रोड पर नहर पुल के पास चार फरवरी को हुई दो मोटरसाइकिल की टक्कर में घायल एक युवक की ऋषिकेश के एम्स में मौत हो गई। मृतक की मौत 11 फरवरी को हुई। मृतक के पिता को कानूनी प्रक्रिया के बारे में पता नहीं था। इसलिए उसने बिना पुलिस को शिकायत दिए मृतक बेटे के शव का अंतिम संस्कार दिया था। अब उसने इसकी शिकायत पुराना औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने मामले में आरोपी दूसरी मोटरसाइकिल चालक पर केस दर्ज कर लिया है।
मुजफ्फरनगर जिले के गांव अलीपुर निवासी प्रवीन कुमार ने बताया कि वो रामनगर में किराये पर रहता है। वह यहीं पर एक फैक्ट्री में काम करता है। वह चार बेटों का पिता था। चार फरवरी की रात नौ बजे उसका बेटा गुलशन (19) अपने चचेरे भाई पिंटू के साथ मोटरसाइकिल पर सौंधापुर जा रहा था। जाटल रोड पर नहर पुल पर सामने से आई मोटरसाइकिल ने गुलशन को टक्कर मार दी थी। इसमें वो गंभीर रूप से घायल हो गया था। वो गुलशन को लेकर नागरिक अस्पताल में गया, यहां से उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। वहां उसको वेंटिलेटर नहीं मिला। वह गुलशन को वापस असंध रोड स्थित निजी अस्पताल में ले आया। उसकी हालत में सुधार नहीं हो रहा था। वो गुलशन को लेकर ऋषिकेश के एम्स में गया। वहां 11 फरवरी को इलाज के दौरान गुलशन की मौत हो गई। उसको कानूनी प्रक्रिया नहीं पता थी। इसलिए उसने आरोपी मोटरसाइकिल चालक की शिकायत नहीं थी। अब उसकी मांग है कि आरोपी मोटरसाइकिल चालक पर कार्रवाई की जाए।