पानीपत। महावीर कॉलोनी जाटल रोड स्थित पैन ओवरसीज फैक्टरी के प्रथम तल के छज्जे का करीब आठ फुट टुकड़ा गिरने से नीचे बैठे एक युवक की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। इनमें चार ही हालत गंभीर है। फैक्टरी भाजपा के पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज की बताई जा रही है। वहां मौजूद सभी छह लोग अपने एक साथी के अवैध शराब के मामले में जमानत पर आने की खुशी में पार्टी कर रहे थे। दो घायलों को पीजीआई खानपुर और दो को शहर के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। शहर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस रातभर शिवनगर और अन्य कॉलोनियों में जाकर मृतक की शिनाख्त में जुटी रही। हादसा मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे का है।
महावीर कॉलोनी जाटल रोड स्थित पैन ओवरसीज फैक्टरी का गली में निकाले गए धज्जे का करीब आठ फुट टुकड़ा नीचे गिर गया। इसके नीचे बैठे जगजीवन राम कॉलोनी निवासी विक्की व गुलजार, जाटल रोड वाल्मीकि बस्ती निवासी भारत, किशनपुरा निवासी फरदीन और मनीष सहित एक अन्य मलबे के नीचे दबने से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें मलबे से निकालकर सिविल अस्पताल पहुंचाया। मनीष को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया, जबकि विक्की की रीढ़ की हड्डी में चोट लगी और गुलजार को आंतरिक चोट लगने के चलते पीजीआई रेफर कर दिया गया। भारत और फरदीन को गंभीर चोट आईं हैं। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को रेफर कर दिया। भारत के परिजन उसे हैदराबादी अस्पताल ले गए, जहां से उसे रेफर कर दिया गया। उसे सनौली रोड स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया।
किशनुपरा निवासी फरदीन ने बताया कि वह एक फैक्टरी में काम करता है। उसके दोस्त गुलजार को पिछले दिनों पुलिस ने अवैध शराब के आरोप में गिरफ्तार किया था। गुलजार बुधवार को जमानत पर आया था। उन्होंने इस खुशी में पार्टी करने का फैसला लिया था। वे शराब की बोतल और अन्य सामान लेकर पैन ओवरसीज के बाहर बैठ गए। इसी समय लेंटर का बड़ा टुकड़ा नीचे गिर गया। उसे एक बार तो कुछ दिखाई और सुनाई नहीं दिया। घायल भारत छह भाई बहनों में पांचवें नंबर का है। उसकी तीन महीने पहले शादी हुई है।
विधायक प्रमोद विज के निजी सचिव गौरव ने बताया कि हादसा चिंतनीय है। पीड़ित परिवार का हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
थाना शहर प्रभारी जाकिर हुसैन ने बताया कि महावीर कॉलोनी में फैक्टरी का छज्जा गिरने से हादसा हुआ है। मृतक की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। घायलों का इलाज कराया जा रहा है। इस मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।