पानीपत। गांव राजाखेड़ी में छोटे भाई ने बड़े भाई के सिर में दरांती से हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। घायल भाई ने सामान्य अस्पताल में इलाज कराने के बाद किला थाना पुलिस को शिकायत दी, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव राजाखेड़ी निवासी देवेंद्र मलिक ने बताया कि वह प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा है, उससे छोटा विनोद और सबसे छोटा अंकुश है। 28 अप्रैल को शाम छह बजे वह अपनी ड्यूटी से अपने खेत गया था। उसका भाई अंकुश ट्रैक्टर से अपने खेत में ज्वार की बिजाई कर रहा था। वह अपने हिस्से में आए खेत में खड़ा था, अंकुश ट्रैक्टर से उतरकर उसके पास आया और कहा कि यहां क्या कर रहा है। उसने कहा कि वह अपने खेत में खड़ा है, इतना कहते ही वह गाली-गलौज करने लगा। उसके साथ हाथापाई करने लगा,इसी बीच अंकुश खेत से दरांती उठाकर लाया और उसके सिर पर वार कर दिया। उसने शोर मचाया तो मचाया तो उसकी पत्नी, उसका चाचा कृष्ण शोर सुनकर आए तो अंकुश जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। जिसके बाद परिजनों ने उसे सामान्य अस्पताल पहुंचाया, जहां से इलाज कराने के बाद उसने मामले की शिकायत किला थाना पुलिस को दी।