पानीपत। सोनीपत के बली कुतुबपुर गांव निर्माणाधीन मकान की छत के नजदीक से गुजर रही 11 हजार केवी की लाइन का करंट लगने से एक युवक बुरी तरह से झुलस गया। गनीमत रही कि जिस समय छात्र को करंट लगा उसके पिता भी वहीं खड़े थे। बेटे को करंट लगा देख पिता ने उसे लात मार कर करंट से छुड़वाया। करंट से झटका लगने के बाद छात्र छत से नीचे गिर गया। जिसे परिजन आनन फानन में इलाज के लिए जिला नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे।
बली कुतुबपुर गांव के अनिल ने बताया कि वह गांव में स्कूल के नजदीक मकान बना रहा है। उसके छोटा बेटा आदी बुधवार सुबह मकान की छत पर खड़ा था। इस दौरान आदी वहां से करीब 10 फीट की दूरी पर 11केवी की हाईटेंशन ताराें के संपर्क में आ गया। हाईटेंशन तार के करंट से उसके शरीर में आग लगने लगी। ये देखते हुए उसने अपने बेटे को करंट से छुड़ाने के लिए उसे लात मार दी। इससे उसका बेटा करंट से छूट गया, लेकिन छत से नीचे गिर गया। वह उसको लेकर पानीपत के जिला नागरिक अस्पताल में पहुंचा। यहां आपातकाल विभाग में इसका इलाज कराया।