बापौली। बापौली स्थित संजय पार्क में 11 अगस्त को एक लाख का इनामी कुश्ती दंगल कराया जाएगा। दंगल में तीन भारत केसरी समेत करीब छह प्रदेशों के पहलवान पहुचेंगे। एक लाख के अलावा 51 हजार का दूसरा और कई अन्य इनाम दिए जाएंगे। इसको लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।
यमुना सुधा समिति व बापौली पर्यावरण एवं जल सुधार समिति द्वारा रविवार को इनामी कुश्ती दंगल कराया जाएगा। संयोजक सनौली खुर्द निवासी राजबीर त्यागी ने बताया कि राज्यसभा के पूर्व सांसद एवं पूर्व विधायक हरिसिंह नलवा की याद में इनामी कुश्ती दंगल कराया जा रहा है। यह दंगल संजय पार्क में 11 अगस्त को दोपहर बाद दो बजे शुरू होगा। मुख्यातिथि यमुना सुधा समिति के अध्यक्ष एडवोकेट रत्न सिंह रावल और बापौली पर्यावरण एवं जल सुधार समिति के अध्यक्ष राजपाल रावल होंगे। पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत को विशेष अतिथि के लिए आमंत्रित किया गया है। यहां खेलों को बढ़ाना देने के साथ युवाओं को नशे से दूर रहने का भी संदेश दिया जाएगा। वे इसको लेकर सामाजिक रूप से भी जागरूकता ला रहे हैं। अब खेलों के माध्यम भी युवाओं तक पहुंचा जााएगा। दंगल में भारत केसरी नासिर हुसैन, मानू, तलवा गुज्जर समेत कई पहलवान आएंगे।
कुश्ती दंगल में हरियाणा समेत उत्तर प्रदेश, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान और महाराष्ट्र से भी पहलवान आएंगे। इसको लेकर 35 पहलवानों ने अपना पंजीकरण कराया है। दंगल में एक लाख का प्रथम और 51 हजार का द्वितीय इनाम दिया जाएगा। इसके अलावा 21 हजार के दो, 11 हजार के चार और 51 हजार के 10 इनाम रखे गए हैं। राजबीर त्यागी ने बताया कि संजय पार्क में रविवार को साप्ताहिक कुश्ती दंगल कराया जाता है। इस बार इसको बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा। कुश्ती प्रेमियों के बैठने की भी व्यवस्था की गई है।